खगड़िया जिला के परबत्ता प्रखंड के सलारपुर स्थित कन्या प्राथमिक विद्यालय के प्रधान शिक्षक पंकज पासवान का निलंबन मुक्त होने के करीब लगभग 4 साल बीतने के बाद भी विद्यालय में योगदान नहीं हो सका है।

पीड़ित शिक्षक ने भरसो पंचायत के मुखिया, पूर्व पंचायत सचिव समेत चार लोगों पर विद्यालय में योगदान कराने के एवज में पांच लाख रुपये मांगने का आरोप लगाया है। इस मामले में न्यायालय के माध्यम से थाने में प्राथमिकी दर्ज करायी गयी है।
आर्थिक तंगी से जूझ रहा शिक्षक परिवार
शिक्षक का कहना है कि लंबे समय से वेतन और सेवा से जुड़ी अनिश्चितता के कारण उनका परिवार आर्थिक तंगी से गुजर रहा है। थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, सलारपुर गांव निवासी पंकज पासवान ने वर्ष 2005 में पंचायत नियोजन इकाई भरसो के माध्यम से शिक्षा मित्र के पद पर कन्या प्राथमिक विद्यालय सलारपुर में योगदान किया था।
नियमित रूप से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर रहे थे। 25 मई 2022 को उनकी मां की तबीयत अचानक बिगड़ गयी, जिसके बाद वे इलाज कराने के लिए विद्यालय से चले गये। इसी दौरान मानसी प्रखंड के बीआरसी, पीएम और परबत्ता बीईओ द्वारा विद्यालय का निरीक्षण किया गया, जिसमें मध्याह्न भोजन बंद पाया गया। इसकी रिपोर्ट जिला शिक्षा पदाधिकारी को भेजी गयी।
इसके आधार पर 19 जुलाई 2022 को उन्हें निलंबित कर दिया गया। शिकायत के मुताबिक, निलंबन अवधि में उन्हें किसी दूसरे विद्यालय में कार्यस्थल आवंटित नहीं किया गया। पंकज पासवान का आरोप है कि पंचायत नियोजन इकाई के मुखिया, पंचायत सचिव और प्रधानाध्यापक ने उन्हें काम करने से रोका और निलंबन समाप्त होने के बाद योगदान देने को कहा।
योगदान के लिए लगा रहा कोर्ट के चक्कर
विभाग ने 30 दिसंबर 2022 को उनका निलंबन समाप्त कर दिया तथा तीन जनवरी 2023 को संबंधित नियोजन इकाई को इसकी सूचना भेज दी गयी। इसके बावजूद
योगदान नहीं कराये जाने का आरोप है।
विभाग ने 30 दिसंबर 2022 को उनका निलंबन समाप्त कर दिया तथा तीन जनवरी 2023 को संबंधित नियोजन इकाई को इसकी सूचना भेज दी गयी। इसके बावजूद योगदान नहीं कराये जाने का आरोप है।
थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर जांच-पड़ताल की जा रही है। पंचायत नियोजन इकाई के सचिव प्रफुल कुमार ने कहा कि उन्हें विभाग से अब तक कोई पत्र नहीं मिला है और मामले की जानकारी नहीं है।
वहीं, प्रभारी बीईओ रजनीश कुमार ने कहा कि इस मामले में पंचायत नियोजन इकाई ही कार्रवाई कर सकती है, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय से कुछ नहीं किया जा सकता। लंबे समय से योगदान का इंतजार कर रहे शिक्षक अब न्यायालय का चक्कर लगा रहे हैं। हालांकि, पांच लाख रुपये मांगने के आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।