शहरबन्नी स्थित स्वर्गीय रामविलास पासवान के आवासीय परिसर में आज उनकी छठी पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई।

Spread the love

खगड़िया। अलौली विधानसभा क्षेत्र के शहरबन्नी स्थित स्वर्गीय रामविलास पासवान के आवासीय परिसर में आज उनकी छठी पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में बिहार सरकार के गन्ना उद्योग मंत्री संजय पासवान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने स्वर्गीय रामविलास पासवान की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। सांसद प्रतिनिधि डॉ. पवन जायसवाल, लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह सहित एनडीए के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें याद किया। इसके साथ ही कार्यक्रम में शामिल अतिथियों, लोजपा एवं एनडीए के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वर्गीय रामविलास पासवान की पत्नी राजकुमारी देवी से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद स्थानीय लोगों के बीच प्रसाद का वितरण किया गया।

इस अवसर पर मंत्री संजय पासवान ने कहा कि पदम् भूषण स्वर्गीय रामविलास पासवान जी ने अपना पूरा जीवन गरीबों और वंचितों के अधिकारों के लिए समर्पित किया। उन्होंने सामाजिक न्याय और जनसेवा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उनका संघर्ष और व्यक्तित्व आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उनके विचारों को आगे बढ़ाना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।

सांसद प्रतिनिधि डॉ. पवन जायसवाल ने कहा कि स्वर्गीय रामविलास पासवान जी ने हमेशा आम लोगों की समस्याओं और जरूरतों को प्राथमिकता दी थी। उन्होंने समाज के कमजोर वर्गों की आवाज को मजबूती से उठाया। उनका जीवन संघर्ष और जनसेवा की मिसाल रहा है। उनके विचार आज भी समाज और कार्यकर्ताओं को प्रेरणा देते हैं।

लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष मनीष कुमार सिंह ने कहा कि स्वर्गीय रामविलास पासवान जी ने गरीब, दलित, पिछड़े और वंचित समाज के अधिकारों के लिए लगातार संघर्ष किया। खगड़िया से उनका गहरा जुड़ाव रहा और यहां के लोगों के बीच उनकी याद हमेशा बनी रहेगी। पार्टी के कार्यकर्ता उनके विचारों और सिद्धांतों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

विदित हो कि स्वर्गीय रामविलास पासवान जी का जन्म 5 जुलाई 1946 को खगड़िया जिले के शहरबन्नी गांव में हुआ था। उन्होंने अपने राजनीतिक जीवन की शुरुआत समाजवादी विचारधारा से की और 1969 में पहली बार बिहार विधानसभा के सदस्य बने। वर्ष 1977 में हाजीपुर से लोकसभा चुनाव जीतकर वे राष्ट्रीय राजनीति में पहुंचे और इसके बाद कई बार लोकसभा के लिए चुने गए। उन्होंने केंद्र सरकार में रेल, संचार, रसायन एवं उर्वरक और उपभोक्ता मामले जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालयों की जिम्मेदारी संभाली। रामविलास पासवान जी ने अपने राजनीतिक जीवन में गरीबों, दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। वे लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक भी रहे और लंबे समय तक राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाई। 8 अक्टूबर 2020 को उनका निधन हुआ। हर वर्ष उनकी पुण्यतिथि पर उनके समर्थक और अनुयायी उनके संघर्ष, विचारों और जनसेवा को याद करते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Corona Update
error: Content is protected !!