45 हजार की रिश्वत लेते अलौली मनरेगा के पीओ व सहायक एकाउंटेंट गिरफ्तार, निगरानी की कार्रवाई से मचा हड़कंप

Spread the love

45 हजार की रिश्वत लेते अलौली मनरेगा के पीओ व सहायक एकाउंटेंट गिरफ्तार, निगरानी की कार्रवाई से मचा हड़कंप

राजीव कुमार की रिपोर्ट

अलौली (खगड़िया)। खगड़िया जिले के अलौली प्रखंड कार्यालय में मंगलवार को निगरानी अन्वेषण ब्यूरो (विजिलेंस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मनरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारी (पीओ) रमन जी भाई एवं सहायक एकाउंटेंट साहिल अकरम को ₹45 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के बाद पूरे प्रखंड कार्यालय में हड़कंप मच गया और सरकारी महकमे में दिनभर इस कार्रवाई की चर्चा होती रही।

जानकारी के अनुसार, मनरेगा योजनाओं से संबंधित फाइलों को आगे बढ़ाने तथा मस्टर रोल क्लियर करने के एवज में शिकायतकर्ता से ₹45 हजार रिश्वत की मांग की गई थी। शिकायत मिलने के बाद निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने पहले मामले का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने पर विशेष टीम ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया और मंगलवार को दोनों अधिकारियों को रिश्वत की राशि लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के तुरंत बाद निगरानी टीम ने दोनों अधिकारियों को हिरासत में लेकर आवश्यक दस्तावेज जब्त किए तथा आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अपने साथ ले गई। सूत्रों के अनुसार, टीम मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि रिश्वतखोरी का यह मामला किसी बड़े नेटवर्क से जुड़ा है या नहीं।
कार्रवाई की सूचना मिलते ही अलौली प्रखंड कार्यालय में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। कई कर्मचारी अपने-अपने कार्यालयों से बाहर निकल आए और पूरे परिसर में विजिलेंस की कार्रवाई चर्चा का विषय बनी रही। आम लोगों के बीच भी इस कार्रवाई को लेकर काफी उत्सुकता देखी गई।

अलौली थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार ने बताया कि निगरानी अन्वेषण ब्यूरो की टीम ने सूचना दी है कि मनरेगा के कार्यक्रम पदाधिकारी एवं सहायक एकाउंटेंट को रिश्वत मामले में गिरफ्तार कर अपने साथ ले जाया गया है। मामले की विस्तृत जानकारी निगरानी ब्यूरो द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।
बताया जा रहा है कि निगरानी अन्वेषण ब्यूरो दोनों आरोपितों से गहन पूछताछ कर रही है। पूछताछ के आधार पर आगे और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। इस कार्रवाई को जिले में भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है। फिलहाल निगरानी ब्यूरो की ओर से आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति जारी होने का इंतजार किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Corona Update
error: Content is protected !!